क्यारी गांव में सर्वेक्षण के लिए घर-घर पहुंचे स्वयंसेवी। स्रोत: स्कूल प्रबंधन
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। डीएवी घुमारवीं में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस शिविर के पांचवें दिन स्वयंसेवकों ने गोद लिए गए गांव क्यारी में घर-घर जाकर सामाजिक जागरूकता सर्वेक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों से शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल साक्षरता, सरकारी योजनाओं, महिला सशक्तिकरण, रोजगार और अन्य सामाजिक मुद्दों पर जानकारी जुटाई गई। दिन की शुरुआत ब्रीफिंग सत्र से हुई, जिसमें कार्यक्रम अधिकारियों ने स्वयंसेवकों को सर्वेक्षण के उद्देश्य और ग्रामीणों से संवाद की प्रक्रिया की जानकारी दी। इसके बाद स्वयंसेवकों को अलग-अलग समूहों में बांटकर गांव के विभिन्न हिस्सों में भेजा गया। सर्वेक्षण के दौरान स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को व्यक्तिगत स्वच्छता, जल संरक्षण, उचित कचरा निस्तारण, पर्यावरण संरक्षण, नशा-निवारण, लैंगिक समानता और बच्चों की शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया। साथ ही सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने और सामुदायिक विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए भी प्रेरित किया। ग्रामीणों ने स्वयंसेवकों का स्वागत करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।