बल्ह चांदपुर गांव में आयोजित कथा में राधा-कृष्ण बने बच्चे। संवाद
-अंतिम दिन सदर विधायक सहित उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले के बल्ह चांदपुर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा का शुक्रवार को समापन हो गया। अंतिम दिन कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा व आस्था से सराबोर नजर आया। श्रीधाम वृंदावन से पधारे कथा वाचक श्री राम सखा जी महाराज (कान्हा जी) ने समापन अवसर पर भक्तों को भागवत कथा का सार बताते हुए धर्म, भक्ति और सत्कर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भागवत कथा केवल श्रवण तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे जीवन में उतारना ही सच्ची भक्ति है। अंतिम दिन भगवान की लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा के दौरान भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा। समापन अवसर पर सदर विधायक त्रिलोक जमवाल भी विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने कथा में उपस्थित होकर आशीर्वाद लिया और आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को संस्कारों से जोड़ते हैं। इसके उपरांत यज्ञ-हवन व पूर्णाहुति हुई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आहुति डालीं और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजक पंकज ठाकुर ने कथा के सफल आयोजन के लिए सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और क्षेत्रवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से यह धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।