हमीरपुर-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाघस और कुड्डी के बीच पुली गिरने से बंद हुआ राजमार्ग। संवाद
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। हमीरपुर-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार शाम करीब 4:00 बजे घाघस से करीब डेढ़ किलोमीटर पीछे कुड्डी के पास पुली गिरने से यातायात ठप हो गया। जब पुली गिरी तो उस समय राजमार्ग से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। इससे बड़ी अनहोनी होने से बच गई। हादसे के तुरंत बाद ही पुलिस और जिला प्रशासन ने मुस्तैदी बरतते हुए एनएच के ट्रैफिक को कंदरौर से बिलासपुर और बरमाणा की तरफ आने वाले वाहनों को सलनू खांगड़ से डायवर्ट कर दिया। सड़क को पैदल राहगीरों के लिए भी बंद कर दिया है।
प्रशासन की सतर्कता से राजमार्ग पर कोई जाम भी नहीं लगा। बताया जा रहा है कि करीब चार बजे एकाएक पुली का एक हिस्सा नीचे गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी और प्रशासन के अधिकारी और पुलिस जवान मौके पर पहुंचे। इसके बाद जेसीबी को मौके पर बुलाया गया। वहीं, राजमार्ग से आने वाले वाहनों को पीछे ही रोक दिया गया और उन्हें कंदरौर से बिलासपुर भेजा गया।
पुली का सिर्फ एक ही हिस्सा शुरू में गिरा था। दूसरे हिस्से को जेसीबी से हटाया गया ताकि वहां से कोई वाहन ले जाने की कोशिश न करे और हादसे का शिकार न हो। उपायुक्त बिलासपुर पंकज राय ने कहा कि हादसे में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की सूचना नहीं है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अपना कार्य किया है। लोगों को सूचना दी जा रही है कि राजमार्ग बाधित होने के कारण ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया है। जब तक राजमार्ग बहाल नहीं होता, शिमला जाने वाले वाहनों को कंदरौर से बिलासपुर और बरमाणा के वाहनों को सलनू की तरफ से आवाजाही करनी होगी।