राजकीय महाविद्यालय झंडूता में गठित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झंडूता इकाई की नई कार्यकारिणी।
झंडूता कॉलेज में एबीवीपी की नई कार्यकारिणी गठित, दिव्या को सौंपी इकाई सचिव की जिम्मेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय झंडूता में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की झंडूता इकाई का गठन वीरवार को किया गया। इस अवसर पर संगठन की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें शशि को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झंडूता इकाई अध्यक्ष और दिव्या को इकाई सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम में झंडूता के नगर अध्यक्ष शीतल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति में इकाई गठन की प्रक्रिया संपन्न हुई। इस दौरान विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्र हितों, राष्ट्रहित एवं समाज हित के लिए कार्य करने वाला छात्र संगठन है। संगठन का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य बोध की भावना विकसित करना है। नई जिम्मेदारी मिलने पर शशि और दिव्या से संगठन को मजबूत करने एवं विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई गई। इस इकाई गठन के माध्यम से झंडूता क्षेत्र में विद्यार्थी परिषद की गतिविधियों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।