शाहतलाई(बिलासपुर)। सिद्ध पीठ बाबा बालक नाथ की तपोभूमि शाहतलाई पर उत्तरी भारत का सब से अधिक लंबा चलने वाला मेला 13 मार्च से शुरू होने जा रहा है। चैत्र माह के मेलों की तैयारियां जोरों से शुरू हो गई हैं। नगर पंचायत तलाई ने मेलों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं के मध्यनजर तपोभूमि की सफाई व्यवस्था, पार्किंग, स्नानागार, शौचालय की व्यवस्थाओं को ठेके पर वीरवार को नीलाम किया। जिस में सफाई व्यवस्था की नीलामी 90 दिनों के लिए पिछले साल 6.27 लाख थी। जबकि इस वर्ष 5.88 लाख रुपये में गई। इस में ठेकेदार को 40 सफाई कर्मी रखने होंगे। वहीं पार्किंग व्यवस्था की नीलामी जो गुरुनाझांडी मंदिर से समीप है। बीते साल 67,500 में हुई थी। इस बार 74 हजार रुपये में हुई। शौचालय व्यवस्था बीते वर्ष 1.30 लाख रुपये में हुई थी, इस बार 1.20 लाख रुपये पर हुई। उधर छड़ीहार की बोली बीते वर्ष 2 लाख 55 हजार थी। इस वर्ष 2.71 लाख पर छूटी। इस बार सरहाली खड्ड के किनारे बने खेल-मैदान में भी नगर पंचायत द्वारा पार्किंग की व्यवस्था की गई है। जो 40 हजार 500 रुपये पर छूटी। इस मेले में मार्च से जून तक हिमाचल के साथ ही पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान व उत्तर प्रदेश के साथ विदेशों से भी लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते है। तलाई नगर पंचायत अध्यक्ष बलदेव सिंह स्याल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेले के दौरान सफाई व्यवस्था के साथ पार्किंग व्यवस्था बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। इस स्तर पर यहां चल रही धर्मशालाओं और सरायों से संचालकों को भी सफाई व्यवस्था बनाए रखने की कड़ी हिदायत दी है।