चांदपुर स्कूल में सात दिवसीय एनएसएस शिविर के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित विद्यार्थी व अन्य। स्रोत:
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चांदपुर में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विशेष शिविर का शुभारंभ हुआ। समारोह में ग्राम पंचायत चांदपुर की प्रधान अनुराधा संत ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर स्कूल परिवार एवं एनएसएस स्वयंसेवियों ने मुख्यातिथि का स्वागत किया गया। इस दौरान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी कपिल देव ने मुख्यातिथि के समक्ष सात दिवसीय शिविर के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। मुख्यातिथि ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए जीवन में अनुशासन बनाए रखने, समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। स्वयंसेवियों ने शिविर के दौरान अनुशासन, सेवा भावना, स्वच्छता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर शिव कुमार, राजेश विशिष्ट, बबीता गुप्ता, आरती, भारत भारद्वाज, मोहम्मद साहिल, पुष्पा ठाकुर, कपिल देव, निशा कुमारी आदि उपस्थित रहे।