-कंपनी की कार्यप्रणाली से लोग खफा, बोले समस्या जानकर भी किया अनसुना
-सोमवार तक नहीं हुआ समाधान तो बच्चों के साथ सड़क पर उतरने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। उपतहसील भराड़ी के अंतर्गत प्राथमिक पाठशाला लढ़यानी की हालत मलबा गिरने से खराब हो चुकी है। पिछले दिनों भारी बारिश के चलते दधोल, भराड़ी, लदरौर सड़क की मिट्टी का सारा मलबा स्कूल परिसर में पहुंच चुका है। स्कूल परिसर में चलना भी मुश्किल हो गया है और स्कूल के कमरों में पानी भर गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार सड़क निर्माण कंपनी को बोला गया, लेकिन हर बार बात को अनसुना किया गया। कहा कि कंपनी जब स्कूल के आसपास सड़क के किनारे सुरक्षा दीवार लगा रही थी, उस समय भी सुरक्षा दीवार को सही से लगाने के लिए कहा गया था। ताकि सड़क का पानी स्कूल परिसर से न जाकर सीधा पुलिया में जाकर गिरे। परंतु उन्होंने स्कूल प्रबंधन और अध्यापकों की बात को नकार दिया। इसके चलते अब यह नुकसान स्कूल को हो रहा है। प्राथमिक पाठशाला में 22 के लगभग विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उनकी आयु 6 वर्ष से 10 वर्ष तक है। वहीं सोमवार से बरसात की छुट्टियों के बाद बच्चे स्कूल पहुंचेंगे। स्कूल परिसर खस्ताहाल होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने चेताया है कि सोमवार तक इस परेशानी का समाधान नहीं हुआ तो वह बच्चों को लेकर सड़क पर उतरेंगे। इसके लिए सड़क निर्माण कार्य करने वाली कंपनी जिम्मेदार होगी। इसी विषय को लेकर आज ग्राम पंचायत गतवाड़ के उप प्रधान अजय शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल उपमंडलाधिकारी नागरिक घुमारवीं गौरव चौधरी से मिला। व्याप्त समस्या के बारे में विस्तृत जानकारी दी। एसडीएम ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लेंगे और उसे जल्द सही करवाने का आश्वासन दिया।