-एनडीआरएफ की टीम ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एनडीआरएफ की 14वीं वाहिनी की क्षेत्रीय प्रतिक्रिया केंद्र सलापड़ की टीम ने दसगांव विद्यालय में आपदा प्रबंधन को लेकर विशेष जागररूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर सुनील वर्मा व सब इंस्पेक्टर तेज सिंह के नेतृत्व में नौ सदस्यीय टीम ने आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार की आपदा से बचाव की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस प्रायोगिक पूर्वाभ्यास का उद्देश्य लोगों की आपदा के समय मदद करना है, ताकि त्वरित मदद से लोगों की जान बचाई जा सके। इसके अलावा बच्चों को एनडीआरएफ की संरचना,कार्यशैली व आपदा प्रबंधन के विषय में विस्तृत से जानकारी दी गई। बाढ़ के दौरान जीवन सुरक्षा के लिए स्थानीय संसाधनों से रक्षक जैकेट बनाने का तरीका, सांप काटने पर प्राथमिक उपचार, भूकंप,भूस्खलन,अग्निकांड आदि विभिन्न आपदाओं के स्वरूप के अनुसार त्वरित सुरक्षात्मक उपायों और प्राथमिक उपचार के बारे में बताया गया। आपदा के दौरान या सामान्य जीवन में चोट लगने पर प्राथमिक उपचार, जीवन रक्षक सीपीआर का प्रशिक्षण, घायल व्यक्ति को एंबुलेंस या अस्पताल तक ले जाने के लिए घरेलू सामान स्ट्रक्चर बनाने का तरीका समझाया गया। डूबे हुए व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देने और बिजली से बचने का तरीका (दामिनी एप) बताया गया। प्रधानाचार्य राकेश कुमार ने एनडीआरएफ की टीम का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर सुनील वर्मा व तेज सिंह सब इंस्पेक्टर के दिशा निर्देश सहित आपदा प्रबंधन बारे आयोजित पूर्वाभ्यास कार्यक्रम प्रभावशाली रहा। इस कार्यक्रम में प्रवक्ता कुलदीप कुमार, अश्विनी शर्मा,केशव प्रसाद, वीरेन्द्र कौर, मीना कुमारी, व सुकर्मा शर्मा, राकेश कुमार, आरती, राजरानी, बलदेव, रितेश कौंडल, जितेन्द्र कुमार, कामिनी,शिखा, वीना सहित सभी अध्यापक व कर्मचारी उपस्थित रहे।