एडीसी ने किया बिलासपुर में मिठाई और डेयरी दुकानों का औचक निरीक्षण
त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर कड़ी नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। होली पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन ने मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान छेड़ दिया है। सोमवार को अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर में मिठाई और डेयरी उत्पादों की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। मिठाइयों, खोया, पनीर और अन्य डेयरी उत्पादों के सैंपल एकत्रित किए। इनको गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान दुकानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण की व्यवस्था, निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की गई। कुछ दुकानदारों को मौके पर ही कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने कहा कि यदि किसी सैंपल की रिपोर्ट निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मिलावटी या घटिया खाद्य सामग्री की बिक्री करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे केवल प्रमाणित दुकानों से ही मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदें। किसी भी प्रकार की अनियमितता या मिलावट की शिकायत होने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।