बिलासपुर के बचत भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते एडीसी डॉ निधि पटेल। संवाद
जिले के शहरी क्षेत्रों में एक मई से चलाया जाएगा व्यापक स्वीप कार्यक्रम
सरकारी संस्थाओं के साथ गैर सरकारी संस्थान भी स्वीप कार्यक्रमों में लें भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शत-प्रतिशत मतदान के लिए शहर में रन फॉर वोट मैराथन का आयोजन किया जाएगा। जिले के शहरी क्षेत्रों में एक मई से व्यापक स्तर पर स्वीप कार्यक्रम शुरू होंगे। इसमें सरकारी संस्थाओं के साथ गैर सरकारी संस्थान भी भाग लेंगे। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. निधि पटेल ने दी। स्वीप कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को बचत भवन बिलासपुर में एडीसी डॉ. निधि पटेल की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत स्कूलों के विद्यार्थी लोगों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए नुक्कड़ नाटक और स्वीप रैली के माध्यम से जागरूक करेंगे। बैठक में निर्णय लिया कि साईं स्पोट् र्स ट्रेनिंग सेंटर और जिला युवा खेल सेवाएं विभाग बिलासपुर शहर में रन पर वोट मैराथन का आयोजन करेंगे। अतिरिक्त उपायुक्त ने उपनिदेशक उच्च शिक्षा और प्राथमिक शिक्षा के अधिकारियों को जिला बिलासपुर के सभी स्कूलों को अपने-अपने पंचायत और क्षेत्र में व्यापक जागरूकता रैली आयोजन करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सभी शिक्षण संस्थान सप्ताह में दो दिन स्वीप रैली और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगे। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिला के सभी नर्सिंग कॉलेज में स्वीप गतिविधियों के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि नेहरू युवा केंद्र के यूथ क्लब स्वीप गतिविधियों के तहत जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को शत प्रतिशत मतदान के लिए जागरूक करेंगे। इसके अलावा रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से दिव्यांग, ट्रांसजेंडर, एकल नारी और वृद्ध जनों को मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने सभी गैर सरकारी संस्थानों से अपील करते हुए कहा कि वह भी सरकारी स्कूलों की तरह बढ़-चढ़कर स्वीप गतिविधियों में भाग लें ताकि लोगों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए जागरूक किया जा सके। इस अवसर पर तहसीलदार चुनाव विजय कुमार ने सभी अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि वह अपने कार्यालय और अपने घरों के सभी सदस्यों का मतदान सुनिश्चित करें। बैठक में उन्होंने चुनाव की सभी प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिला स्वीप नोडल अधिकारी हेमंत नेगी ने बताया कि इस बार जिला के सभी शहरी क्षेत्र में शिक्षण संस्थानों को अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने के लिए रूट प्लान दिया गया ताकि जागरूकता कार्यक्रम का प्रभाव शहर के आंतरिक क्षेत्र और घर द्वार तक हो।