- बरसात के कारण धंसी सड़क की नहीं हुई मरम्मत
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं की पट्टा से कसोहल संपर्क सड़क पर घ्याणा कस्बे के समीप कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। यहां पर सड़क की हालत बद से बदतर हो चुकी है। इस जगह पर वाहन चलाना खतरे से खाली नहीं है।
वाहन चालक की थोड़ी सी चूक बड़े हादसे को अंजाम दे सकती है। बरसात के कारण सड़क के एक तरफ जमीन धंस गई है। ऐसे में रात के समय तो यह जगह बड़ी अनहोनी का कारण बन सकती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि घ्याणा कस्बे के समीप सड़क के एक तरफ जमीन धंस गई है, जिस कारण सड़क की चौढ़ाई नाम मात्र रह गई है। बड़े वाहनों का यहां से गुजरना खतरे से खाली नहीं है। इस स्थान पर यदि कोई राहगीर पैदल गुजर रहा हो और सामने से कोई वाहन आ जाए तो राहगीर का निकलना मुश्किल हो जाता है। लोगों के मुताबिक रोजाना इस सड़क से दर्जनों वाहन आते जाते हैं। परिवहन निगम की बसें भी इस सड़क से गुजरती हैं। ऐसे में सड़क का जर्जर होना लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन सकता है। लोगों के मुताबिक स्थानीय लोगों को तो इस जगह पर सड़क के हालात के बारे में पता है, लेकिन बाहर से आने वाले वाहन चालकों को एकाएक अपनी गाड़ी पर काबू पाना मुश्किल हो जाता है। रात के समय तो बाहर से आने वाले वाहन चालक कई बार यहां हादसों से बचे हैं। ऐसे में यदि जल्द ही यहां पर सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि यहां जल्द ही व्यवस्था को सुचारू किया जाए। सड़क के एक तरफ धंसी जमीन को दुरुस्त किया जाए, ताकि कोई हादसा न हो सके।
इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग एसडीओ कुठेड़ा सीताराम ने कहा कि उन्होंने स्वयं मौके का जायजा लिया है। जल्द ही वहां पर सड़क और जमीन का दुरुस्ती कार्य कर दिया जाएगा।