श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। शक्तिपीठ श्री नयनादेवी को जोड़ने वाली तीनों सड़कों को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। ये सड़कें भारी बारिश से हुए भूस्खलन से बंद हो गई थीं। इनके बंद होने से श्री नयनादेवी जी का संपर्क शेष जिले और पंजाब से पूरी तरह से कट गया था। लोक निर्माण के विभाग श्री नयनादेवी के कनिष्ठ अभियंता राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि विभाग को करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। श्री नयनादेवी को जोड़ने वाली आनंदपुर साहिब-कोला वाला टोबा, नयनादेवी से कैंची मोड़ और श्री नयनादेवी से भाखड़ा सड़क को पूरी तरह से खोल दिया गया है। इन सड़कों को खोलने के लिए 60 कर्मचारी, चार जेसीबी मशीनें और दो टिपर कार्य में जुटे रहे। मलबे और भारी चट्टानों को हटाकर सड़क को बहाल किया गया। इसके साथ श्री नयनादेवी जी विधानसभा क्षेत्र को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग खरकड़ी, भटेड़, अजनोल, गलुआ, ग्वालथाई, दबट, गुरु का लाहौर, बस्सी, नैला, कोलावाला टोबा, धरोट को भी बहाल कर दिया गया है। सभी कर्मचारियों की छुट्टियों को रद्द कर दिया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए लोक निर्माण विभाग पूरी तरह से मुस्तैद है। उन्होंने बताया कि सड़कों की अब सफाई की जा रही है। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि यदि किसी प्रकार की कोई आपात स्थिति हो तो लोक निर्माण विभाग से संपर्क करें।