-एम्स बिलासपुर में चल रहा बच्चे का इलाज, बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पुलिस थाना बरमाणा के तहत गसौड़ में सड़क पार कर रहे एक सात वर्षीय प्रवासी बच्चे को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे का उपचार एम्स बिलासपुर में चल रहा है। पुलिस ने बच्चे की मां के बयान पर बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में उत्तर प्रदेश के जिला रामपुर के पुर कदीम, शाहबाद की सर्वेश देवी ने बताया कि वे बिलासपुर जिले के जुखाला के गांव गसौड़ में रहते हैं। शनिवार शाम को वह अपने तीन बच्चों के साथ गसौड़ से थोड़ा आगे पैट्रोल पंप के पास सड़क पार कर रही थी। इनके दो बच्चों ने सड़क पार ली, लेकिन छोटे बेटे अंकित ने आधी सड़क पार की थी। उसी समय गसौड़ की तरफ से एक बाइक चालक तेज रफतार से आया और इसके बेटे को टक्कर मार दी। टक्कर में इसके बेटे को गंभीर चोट आई है। बाइक चालक और इसने बेटे को उपचार के लिए सिविल अस्पताल मार्कंडेय पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने उसे एम्स बिलासपुर के लिए रेफर कर दिया। आरोपी बाइक चालक की पहचान रानी कोटला के गांव कोठी के निवासी अभिनव के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने की है।