बिलासपुर। घुमारवीं में बुधवार को सांसद खेल महाकुंभ हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के विजेताओं खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर शिरकत करेंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। बिलासपुर क्रिकेट संघ के सचिव विशाल जगोता ने बताया कि समारोह में सांसद खेल महाकुंभ 2.0 में आयोजित पांच स्पर्धाओं की विजेता, उपविजेता, फर्ट रनर अप और सेकेंड रनर अप टीमों को 7 लाख रुपये के इनाम बांटे जाएंगे। समारोह में करीब 1200 खिलाड़ी पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महाकुंभ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के प्रयासों से संभव हुआ है। इस खेल महाकुंभ में ग्रामीण युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे आने का मौका मिला है। समारोह में विधायक रणधीर शर्मा, जीतराम कटवाल, त्रिलोक जमवाल और पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग भी मौजूद रहेंगे।