-रविदास मंदिर के आसपास के परिवारों को नहीं मिल रहा नियमित पानी
-दूर-दराज से ढोना पड़ रहा पेयजल
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। झंडूता उपमंडल की ग्राम पंचायत सुन्हाणी के वार्ड नंबर-3 में पिछले करीब दो सप्ताह से पेयजल संकट गहराया हुआ है। रविदास मंदिर के आसपास रहने वाले लोगों को नियमित जलापूर्ति नहीं होने से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जल शक्ति विभाग से समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई है।स्थानीय निवासी जगजीवन ने बताया कि क्षेत्र में पिछले लगभग 15 दिन से पानी की आपूर्ति बाधित है। नलों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने के कारण लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है। पानी ढोने में लोगों का काफी समय और श्रम खर्च हो रहा है, जिससे उनके रोजमर्रा के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार वार्ड का यह हिस्सा ऊंचाई पर स्थित है और यहां कोई प्राकृतिक जल स्रोत उपलब्ध नहीं है। ऐसे में लोग पूरी तरह से सरकारी पेयजल योजना पर निर्भर हैं। क्षेत्र में पक्की सड़क की सुविधा भी नहीं होने के कारण पानी लाने-ले जाने में अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ पानी की मांग भी बढ़ गई है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जलापूर्ति व्यवस्था को जल्द बहाल किया जाए तथा भविष्य में इस तरह की समस्या से बचने के लिए स्थायी समाधान किया जाए। उधर, जल शक्ति विभाग झंडूता के सहायक अभियंता अमन शर्मा ने बताया कि मामला विभाग के संज्ञान में है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं तथा समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रभावित क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।