भराड़ी (बिलासपुर)। बरठीं स्कूल में खेल प्रतियोगिता के समापन के बाद बच्चों को खुली जीप में ले जाने के मामले में विभाग ने संज्ञान लिया है। उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक राजकुमार ने स्कूल प्रधानाचार्य और बच्चों के साथ आने वाले शारीरिक शिक्षक से जवाब तलब किया है। मामले के सामने आने के बाद उपनिदेशक ने स्कूल प्रधानाचार्य से एक दिन के भीतर जवाब देने के लिए कहा है।
जवाब आने के बाद विभाग की ओर से आगामी कार्रवाई की जाएगी। बरठीं स्कूल में तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता हुई थी। इस दौरान विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी खेलने के लिए पहुंचे थे। खेल प्रतियोगिता के समापन के दौरान एक स्कूल के बच्चों को खुली जीप में बैठाकर ले जाया गया। जीप में बच्चे पाइपों पर बैठे हुए थे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने इस पूरे मामले की वीडियो बना ली। लोगों ने इसकी मामले की जानकारी उच्च शिक्षा उपनिदेशक को दी। उच्च शिक्षा उपनिदेशक राज कुमार ने बताया कि जवाब मांगा गया है।