घुमारवीं अस्पताल में पैथोलॉजी लैब का भवन । संवाद
-मरीजों, तीमारदारों को अब लैब में मिल रही है बेहतर सुविधा
-लैब के लिए स्थान कम होने से मरीज होते थे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। सिविल अस्पताल घुमारवीं की पैथोलॉजी लैब के भवन का नवीनीकरण कार्य पूरा होने के बाद लैब को स्थापित कर दिया गया है। पहले, लैब के लिए पर्याप्त स्थान न होने के कारण मरीजों और लैब टेक्नीशियनों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था। अब लैब में लोगों को अच्छी सुविधाएं मिलनी शुरू हो गई हैं। घुमारवीं अस्पताल में खून की जांच के लिए उपलब्ध अत्याधुनिक मशीनों को रखने के लिए भी उचित स्थान नहीं था, जिससे टेस्टिंग प्रक्रिया में बाधाएं उत्पन्न हो रही थी। लैब में प्रतिदिन करीब दो हजार से अधिक खून के टेस्ट किए जाते हैं। सीमित स्थान के कारण मरीजों को लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता था, जिससे न केवल समय की बर्बादी होती थी, बल्कि मरीजों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता था। पहले यह लैब केवल एक छोटे से कमरे में संचालित होती थी, जिसमें मशीनों, नमूनों और अन्य आवश्यक वस्तुओं को व्यवस्थित रूप से रखने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं था। अब नए भवन के नवीनीकरण के बाद लैब में अत्याधुनिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो गई है। इससे मरीजों को कम समय में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा लैब टेक्नीशियनों को भी अब अपने कार्य को अधिक कुशलता से करने की सुविधा मिल रही है। लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि पहले उन्हें खून की जांच के लिए लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ती थी, लेकिन अब नई लैब के कारण यह प्रक्रिया पहले से अधिक सरल और सुविधाजनक हो गई है।