बिलासपुर। रेडक्रॉस सोसायटी की अस्पताल कल्याण शाखा अध्यक्ष झुम्पा जम्वाल ने लुहणू में रह रहे प्रवासी बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर बातचीत के दौरान खुलासा हुआ कि बच्चों के माता पिता नलवाड़ी के दौरान बिलासपुर आए थे और कोविड-19 के कारण उन्हें यहां रुकना पड़ा। जिसके कारण बच्चों की पढ़ाई छूट गई और यह बच्चे भीख मांगने में संलिप्त हो गए। उन्होंने बच्चों से बात की और उनको कोरोना के खतरे से भी अवगत करवाया। जम्वाल ने उनको सफाई का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया। इस दौरान उनको मास्क, साबुन, सर्दी से बचने के लिए कपड़े और बच्चों को चॉकलेट भी दी गई। साथ में उन्होंने बच्चों की पढ़ाई की उचित व्यवस्था करने का भी आग्रह किया। उन्होंने गर्ल स्कूल के पास रह रहे बच्चों से भी बातचीत की। जिसके तहत वहां शिक्षा की उचित व्यवस्था के लिए विभाग से बातचीत और रेडक्रॉस सोसायटी के समन्वय से एक केंद्र स्थापित करने का भी निर्णय लिया। जिसके तहत बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था की जाएगी। इस कार्य के लिए सुशील पुंडीर को विशेष रूप से अधिकृत किया गया। इस अवसर पर सुशील पुंडीर, अजय उपाध्याय, विजय कुमार उपाध्याय, चाइल्ड लाइन बिलासपुर के प्रतिनिधि बलबीर, बाबू राम और प्रवीण कुमारी भी मौजूद रहे।