-इस माह लोगों को उठानी पड़ सकती है परेशानी
-सहकारी सभा दियोली पंचायत से सड़क मरम्मत का कर रही आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उपमंडल सदर की बिनौला पंचायत में लोगों को राशन की आपूर्ति के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डिपो को जाने वाली सड़क खराब होने के कारण चालकों ने राशन की गाड़ी ले जाने से मना कर दिया है। पहले भी दो बार गाड़ी सड़क खराब होने के चलते दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी है। दियोली सहकारी सभा ने पंचायत की सड़क मरम्मत के लिए आग्रह किया, लेकिन अभी तक सड़क की हालत नहीं सुधर पाई है। बिनौला पंचायत में स्थित राशन डिपो में आठ महीने से सड़क की समस्या बनी हुई है और अब इस महीने सड़क की खस्ता हालत के कारण गाड़ी चालकों ने वहां गाड़ी ले जाने से मना कर दिया है। दियोली सहकारी सभा के प्रधान सुरेश और सचिव दौलत राम ने पंचायत को पत्र लिखकर सड़क मरम्मत के लिए आग्रह किया है। सुरेश ने बताया कि कुछ समय पहले सभा ने डिपो तक सड़क पहुंचाई थी। उसके बाद वहां से पंचायत ने एक सड़क निकालने का कार्य शुरू किया। इसके चलते डिपो को जाने वाली सड़क खराब हो गई। हालांकि बाद में इस सड़क को सही करने की मांग की। दो बार राशन छोड़कर वापस जा रहा टेंपों यहां दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। एक बार राशन से भरा टेपों सड़क से नीचे लटक गया, जिसे मशीन की सहायता से निकाला गया। सुरेश ने बताया कि खंड विकास अधिकारी भी सड़क का निरीक्षण कर चुके हैं, लेकिन अभी तक स्थिति वहीं है। उन्होंने जिला संघ की बैठक में लिखित तौर पर राशन की गाड़ी लाने के लिए मना कर दिया है। चालकों ने पहले भी यहां आने से मना किया है, क्योंकि सड़क सही नहीं है। अब खाद्य सुरक्षा अधिकारी के कार्यालय में लिखित तौर पर यह पत्र गया है। अगर गाड़ी नहीं आती है तो लोगों को इस माह का राशन नहीं मिलेगा। इसकी जिम्मेदारी पंचायत की होगी।
सहकारी सभा के लोग इस मामले को लेकर कार्यालय आए थे। कार्यालय की ओर से खंड विकास अधिकारी को इस सड़क की हालत सुधारने के लिए पत्र भेजा गया है।
-ब्रिजेंद्र पठानिया, जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी
इस बारे में पंचायत को दिशा निर्देश दिए गए हैं कि सड़क की हालत को सुधारा जाए। शीघ्र ही इसे सही कर दिया जाएगा।
-सुशील कुमार, खंड विकास अधिकारी