अजमेरपुर ग्रीष्म उत्सव भराड़ी में आयोजित पशु मेले में उपस्थित मंत्री राजेश धर्माणी व आयोजक । स्
-अजमेरपुर ग्रीष्मोत्सव में आयोजित हुआ पशु मेला
-मंत्री राजेश धर्माणी ने पशुपालकों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उप तहसील भराड़ी के तहत अजमेरपुर ग्रीष्मोत्सव में बुधवार को पशु मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में 18 श्रेणियों में प्रतियोगिताएं करवाई गईं और विजयी पशु मालिकों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने बतौर मुख्यातिथि शिकरत की। मुर्रा नस्ल दुधारू श्रेणी में राजिंद्र प्रसाद की भैंस, गाभिन भैंस की श्रेणी में सुरजीत सिंह की भैंस, नीली रावी नस्ल की श्रेणी में भंडारी दीन और गाभिन नीली रावी भैंस की श्रेणी में रीना देवी की भैंस पहले स्थान पर रही। होल्सटीन नस्ल में पूनम की गाय, होल्सटीन फ्रीजिंग गाभिन श्रेणी में बलवंत शर्मा की गाय जर्सी नस्ल की दुधारू श्रेणी में गुलाम मोहम्मद की गाय, जर्सी गाभिन श्रेणी में फरीद खान की गाय और देसी नस्ल में अनूप कुमार की गाय ने पहला स्थान प्राप्त किया। बकरियों की प्रतियोगिता में भी उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। बीटल नस्ल के बकरों में श्यामलाल के बकरे ने पहला स्थान प्राप्त किया। बकरियों की श्रेणी में छोटू राम की बकरी विजेता बनी। सिरोही नस्ल के बकरों की प्रतियोगिता में कांता का बकरा पहले स्थान पर रहा और बकरियों की श्रेणी में राहुल राणा की बकरी विजेता बनी। दुधारू श्रेणी में पहले स्थान के लिए पांच हजार रुपये, दूसरे स्थान के लिए चार हजार और तीसरे स्थान के लिए तीन हजार रुपये प्रदान किए। गाभिन भैंसों और गायों की श्रेणी में पहले स्थान के लिए चार हजार, दूसरे स्थान के लिए तीन हजार और तीसरे स्थान के लिए 2500 रुपये इनाम राशि दी गई। मंत्री राजेश धर्माणी ने विजेता पशुपालकों को नकद पुरस्कार प्रदान किए। इसके साथ ही उन्होंने पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए एक विशेष घोषणा करते हुए सभी गाय और भैंस पालकों को दो हजार और बकरी पालकों को एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि अपनी ओर से देने की घोषणा की। मेला कमेटी के प्रधान करतार सिंह चौधरी ने हर साल पशु मेला आयोजित करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सहायक निदेशक पशुपालन विभाग बिलासपुर डॉ. केएल शर्मा ने सभी प्रतिभागी पशुपालकों का आभार जताया और उन्हें इस तरह के आयोजनों में बढ़ चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
अजमेरपुर ग्रीष्म उत्सव भराड़ी में आयोजित पशु मेले में उपस्थित मंत्री राजेश धर्माणी व आयोजक । स्