आंगनबाड़ी केंद्र झबोला में जागरूकता कार्यक्रम में मेंहदी प्रतियोगिता में भाग लेती महिलाएं। स्रो
झबोला में विश्व जनसंख्या दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग झंडूता की ओर से शनिवार को विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र झबोला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड सदस्य ने की। कार्यक्रम में स्वास्थ्य शिक्षक दीप कुमार और कमल कुमार ने बढ़ती जनसंख्या, परिवार नियोजन, मातृ एवं प्रजनन स्वास्थ्य तथा लैंगिक समानता जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। स्वास्थ्य शिक्षक दीप कुमार ने बताया कि इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस की थीम युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को साकार करना-आज और भविष्य के लिए रखी गई है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या वृद्धि से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए परिवार नियोजन, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, महिलाओं का सशक्तिकरण और युवाओं को सही जानकारी उपलब्ध कराना आवश्यक है। स्वास्थ्य शिक्षक कमल कुमार ने योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन की स्थायी एवं अस्थायी विधियों की जानकारी दी। साथ ही जननी सुरक्षा योजना, जीएसएसके योजना, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम तथा बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया, स्क्रब टायफस और सर्पदंश से बचाव के उपायों पर भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए मेहंदी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें रचना देवी ने पहला, साक्षी ने दूसरा और कोमल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को स्वास्थ्य विभाग की ओर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुरुष पर्यवेक्षक विनय कुमार, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता मंजू देवी, आशा फैसिलिटेटर अंजना कुमारी सहित अन्य आशा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।