मलबे आने से गोशाला में दबे पशु, लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाले
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। श्री नयना देवी जी क्षेत्र के मलेटा गांव में बारिश से काफी नुकसान हुआ है। तेज बारिश के कारण स्थानीय लोगों की जमीनों, मकानों और पशुशालाओं को नुकसान पहुंचा। कई जगह पानी और मलबा घुसने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासी भागा राम पुत्र गोरखिया राम के रिहायशी मकान और पशुशाला को काफी नुकसान हुआ है। मलबे की चपेट में आने से पशु गोशाला के अंदर दब गए थे। इसकी सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दीवार तोड़कर पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। बारिश से अमर सिंह, होशियार सिंह, रंजीत सिंह, हरिराम, सदा राम, जय सिंह, दया राम, कमलू, बीरू राम सहित कई ग्रामीणों की जमीनों को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं, स्थानीय निवासी बीरू राम के घर के अंदर भी बारिश का पानी घुस गया। क्षेत्र में सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ है, जबकि बिजली और पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का जल्द निरीक्षण करवाकर नुकसान का आकलन करने और प्रभावित परिवारों को उचित राहत प्रदान करने की मांग की है। साथ ही सड़क, बिजली और पेयजल व्यवस्था को जल्द बहाल करने की मांग उठाई है।