भोट। थाना गांव क्षेत्र के गांव निवासी एक व्यक्ति द्वारा गांव निवासी दूसरे समुदाय के व्यक्ति से मारपीट करने व जबरन धर्मांतरण करने का आरोप लगाने पर विहिप के साथ ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी भड़क गए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने भोट कस्बा स्थित शिव मंदिर प्रांगण में बैठक का आयोजन कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करने हुए क्षेत्राधिकारी को अपनी मांगों से संबधित ज्ञापन सौँपा।
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अनिल वशिष्ठ के नेतृत्व में बंजरग दल, दुर्गा वाहिनी एवं मातृशक्ति के तमाम कार्यकर्ता बृहस्पतिवार दोपहर बाद भोट कस्बा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में एकत्र हो गए और विरोध प्रर्दशन किया। विहिप के जिलाध्यक्ष अनिल वशिष्ठ ने कहा कि थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति पर गांव के ही दूसरे समुदाय का व्यक्ति धर्मातंरण के लिए दबाव बनाते हुए उसका व उसके परिवार का उत्पीड़न कर रहा है मारपीट करने के साथ ही लालच भी दिया जा रहा है। लेकिन थाना पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है।
कहा कि जबरन धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश करने वाले लोग देश विरोधी संगठनों से जुड़े हो सकते हैं। इसलिए ऐसे लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उच्चस्तरीय जांच की जानी चाहिए व दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस दौरान आरोपियों के खिलाफ सात दिन के भीतर कार्रवाई न किए जाने पर थाने का घेराव करने की चेतावनी भी दी गई।
वहीं हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों के साथ क्षेत्र के तमाम गांवों के कार्यकर्ताओं द्वारा शिव मंदिर प्रांगण में विरोध प्रदर्शन किए जाने की सूचना पर क्षेत्राधिकारी केमरी भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया जिस पर विहिप के जिलाध्यक्ष ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को संबोधित अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। वहीं विहिप के जिलाध्यक्ष अनिल वशिष्ठ ने बताया के अपर पुलिस अधीक्षक ने फोन पर हुई वार्ता में आश्वासन दिया कि मामले जांच कर आरोपियों के खिलाफ रिपेार्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान संजीव जैन, राकेश जुनेजा, रविंद्र गुप्ता, अमरनाथ वाल्मीकि, शोभना सक्सेना, पायल मिश्रा, बसंत कौर, नन्द राम, प्रेमपाल, विजेन्द्र कश्यप, महंत रामऔतार, बुधसेन, लेखराज सैनी आदि मौजूद रहे।