बिलासपुर में दुकानदार को आर्थिक सहायता देते व्यापार मंडल के पदाधिकारी। स्रोत: व्यापार मंडल
बिलासपुर व्यापार मंडल ने की प्रभावितों की आर्थिक मदद
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बिलासपुर। पिछली बरसात में हुई भारी तबाही से जहां हिमाचल प्रदेश के अधिकांश जिलों में बर्बादी का तांडव मचा था, वहीं बिलासपुर में भी इस बरसात से काफी
नुकसान हुआ था, ऐसे में बिलासपुर व्यापार मंडल प्रभावित व्यापारियों की मदद के लिए आगे आया है।
बिलासपुर व्यापार मंडल ने प्रभावित दुकानदारों को आर्थिक मदद कर उनकी सहायता की है। व्यापार मंडल के प्रधान नरेंद्र पंडित, महासचिव तरुण टाडू, कोषाध्यक्ष विजय सोनी और सचिव नगीन चंद ने मेन बाजार में दो दुकानदारों को वित्तीय सहायता प्रदान की। इस अवसर पर प्रधान नरेंद्र पंडित ने कहा कि सभी दुकानदार व्यापार मंडल बिलासपुर परिवार का अहम हिस्सा है, लिहाजा उनके सुख-दुख में खड़े होना व्यापार का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों के तहत बिलासपुर व्यापार मंडल न सिर्फ हर दुकानदार, व्यापारी या रेहड़ी-फड़ी वाले के साथ खड़ा होता है बल्कि समाज के सभी वर्गों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहता है। उन्होंने कहा कि बीती बरसात में इन दो दुकानों में बरसात का पानी घुस गया था, जिससे उन्हें काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था। व्यापार मंडल के पास जब यह मसला पहुंचा तो इन दो दुकानदारों की आर्थिक मदद करने का निर्णय लिया गया, जिसके तहत यह राहत राशि प्रदान की गई। वहीं महासचिव तरुण टाडू ने बताया कि 15 जून को होने वाली प्रदेश स्तरीय मॉक ड्रिल का आयोजन बिलासपुर बाजार में भी किया जाएगा। उन्होंने सभी दुकानदारों से आग्रह किया है कि वे इस मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन का सहयोग करें।