बिलासपुर। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, कृषि, पशुपालन व मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने
कहा है कि अधिकारियों को आपसी तालमेल बढ़ाना होगा। किसानों के लिए बनाई गई योजनाओं की अधिक से अधिक जानकारी किसानों से साझा करनी होगी। वीरेंद्र कंवर शुक्रवार को ग्रामीण विकास, कृषि, पशु पालन मत्स्य तथा पंचायती राज विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने कृषि के अधिकारियों को निर्देश दिए किवे कल्स्टर तौर पर कार्य करें और किसानों को अधिक से अधिक प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए प्रेरित करें। किसानों की भूमि का मृदा परीक्षण कर उन्हें अधिक से अधिक जानकारियां प्रदान करें। ताकि वे फसलों का अधिक उत्पादन करें और प्रदर्शन प्लॉट भी तैयार करें। उन्होंने किसानों को पेट्रीसाईड का प्रयोग न करने के लिए प्रेरित करने को कहा ताकि पोष्टिक पैदावार हो सके। उन्होंने बताया कि जिला में 12 गो सदन कार्य कर रहे हैं। जिसमें 1898 पशुओं को आश्रय दिया गया है। जिला में पशुओं की जियो टैगिंग की जा रही है तथा गो सदनों में पशुओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने पशु पालन विभाग के चिकित्सकों को निर्देश दिए की वे समय-समय पर गो सदनों में जाकर पशुओं की स्वास्थ्य की जांच करें तथा उनका आवश्यक उपचार भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था के लिए गो सदनों के आसपास ही उगाने की व्यवस्था बनाई जाए। ताकि पशुओं को आसानी से चारा उपलब्ध करवाया जा सके। उन्होंने बताया कि जिला में 2 काऊ सेंक्चुरी बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अधिकारी ग्रामीण विकास के लिए गांव में लोगों को घरों से सड़क तक एंबुलेंस रास्ता बनाने के लिए शीघ्र कार्य करें। इस अवसर पर उपायुक्त राजेश्वर गोयल, निदेशक मत्स्य सतपाल मैहता, उपनिदेशक कृषि डॉ. कुलदीप पटियाल, जिला पंचायत अधिकारी शशि बाला के अतिरिक्त संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।