संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कांग्रेस नेता एवं राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के राष्ट्रीय कन्वीनर ठाकुर हीरापाल सिंह ने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर राजनीतिक दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल, गैस और खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम आदमी का बजट बिगड़ गया है। गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई के साथ बेरोजगारी भी गंभीर समस्या बनी हुई है। राजनीतिक दल कई मुद्दों पर बहस करते हैं, लेकिन जनता से जुड़े महंगाई और रोजगार जैसे विषयों पर ठोस चर्चा नहीं होती। संसद में भी जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा होनी चाहिए। हीरापाल सिंह ने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और आम नागरिक की क्रय शक्ति मजबूत करने की जरूरत है। राजनीतिक दलों को महंगाई और बेरोजगारी को राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाकर इनके स्थायी समाधान पर काम करना चाहिए।