बिलासपुर। वॉलंटियर ऑफ कांग्रेस सेवा दल ने जिला अध्यक्ष तिलक राज शर्मा की अगुवाई में उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को कृषि कानूनों को वापस लेने के लिए ज्ञापन भेजा। सेवा दल ने राष्ट्रपति से मांग की है कि किसान विरोधी कानूनों को जल्द वापस लिया जाए। कांग्रेस के जिला महासचिव संदीप सांख्यान ने कहा कि नए कृषि कानूनों से किसानों और व्यापारियों को एपीएमसी की मंडी से बाहर फसल बेचनी पड़ेगी और कारपोरेट का राज हो जाएगा। कांट्रेक्ट फार्मिंग के लिए एक ढांचा मुहैया कराया जाएगा। कांट्रेक्ट एक्ट सेवा में आएगा और 18 प्रतिशत जीएसटी लग जाएगी। अब खेत-खलिहान भी टैक्स के दायरे में आ जाएंगे। वहीं सेवादल के जिला अध्यक्ष तिलक राज शर्मा ने कहा कि ज्ञापन में मांग की गई है कि सरकार इन कानूनों को वापस ले। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि राष्ट्रपति इन कानूनों से किसानों को होने वाले नुकसान को समझेंगे और इन्हें जल्द वापस लेने के आदेश जारी करेंगे।