श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। श्री नयनादेवी विस क्षेत्र के विधायक रामलाल ठाकुर ने प्रदेश सरकार से रविवार को बाजारों बंद करने के निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी में रविवार को बाजार बंद होने से दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। पंजाब, हरियाणा सहित अन्य राज्यों से श्रद्धालु मंदिर में माथा टेकने आते हैं। धार्मिक स्थलों में रविवार के दिन श्रद्धालुओं की संख्या ज्यादा होती है। अगर दुकानें बंद रहेंगी तो दुकानदार अपने परिवार का पालन-पोषण कैसे करेंगे। श्रद्धालुओं का भी कहना है कि उन्हें दुकानें बंद होने के कारण न तो प्रसाद मिला और न ही अन्य वस्तुएं। उन्होंने कहा कि इन धार्मिक स्थलों को लेकर अलग से रणनीति बनाई जाए। उन्होंने कहा कि बाजार बंद होने से श्रद्धालुओं को खाने-पीने की वस्तुएं भी उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। सरकार अपने निर्णय पर पुनर्विचार करे।