कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर राईयां के पास हादसा, 22 वर्षीय युवक ने मौके पर तोड़ा दम
बिलासपुर। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर राईयां के पास मंगलवार को सड़क किनारे खड़े ट्रक से पिकअप की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक 22 वर्षीय अनु पुत्र संजय कुमार निवासी नागधार, डाकघर शिवधार, तहसील एवं जिला मंडी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हेल्पलाइन 112 के माध्यम से थाना घुमारवीं को हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां पिकअप और ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिकअप तेज गति से जा रही थी। राईयां के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से पिकअप पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले में जांच जारी है।