नालागढ़ में दवा कंपनी के विरोध में उप मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित करते हुए संघर्ष समिति के पदा
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। पलासड़ा स्थित एक दवा कंपनी पर भारी मात्रा में जल दोहन और पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी के गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले को लेकर हिम परिवेश, हंडूर पर्यावरण संस्था और संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मुलाकात कर विस्तृत शिकायत सौंपी। संस्था के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रतिदिन करीब 30 लाख लीटर पानी उपयोग कर रही है और रिट्रीटमेंट सिस्टम भी ठीक से काम नहीं कर रहा, जिससे क्षेत्र का जल स्तर गिर रहा है। उन्होंने आरोप है कि कंपनी से निकलने वाला केमिकल युक्त पानी खुले में टैंकरों के माध्यम से छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा रात के समय जहरीली गैसों के उत्सर्जन से आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांव प्रभावित हो रहे हैं। इससे ग्रामीणों में खुजली, त्वचा रोग, गले में खराश और सांस संबंधी समस्याओं के मामले भी सामने आ रहे हैं। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।