बिलासपुर। स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन के बाद भी लोग कोरोना को लेकर सावधानी नहीं बरत रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों से मास्क लगाने की अपील कर रहा है, लेकिन लोग इसकी अनदेखी कर रहे हैं। वहीं, जिला प्रशासन नेे कोरोना नियमों को लेकर स्वास्थ्य विभाग को निर्देश जारी कर दिए हैं। सभी स्वास्थ्य संस्थानों और भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर लोगों को मास्क पहने के लिए जागरूक किया जा रहा है। मंगलवार को जिला अस्पताल में आए सैकड़ों मरीज और तीमारदार बिना मास्क के दिखे। अस्पताल में संक्रमण का सबसे ज्यादा खतरा है। क्योंकि यहां कई तरह की गंभीर बीमारियों के मरीज पहुंचते हैं। इसलिए अस्पताल में तो मास्क और शारीरिक दूरी का पालन बेहद जरूरी है। हालांकि सभी डॉक्टर और अस्पताल के कर्मचारी सावधानी बरत रहे हैं। अस्पताल में सभी डॉक्टर मरीजों को मास्क पहन कर ही उनकी जांच कर रहे। लोग केवल डॉक्टर के पास जांच के लिए जब जा रहे हैं तभी मास्क का प्रयोग कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को निर्देश जारी कर दिए हैं। जिला अस्पताल में भी नियमों की पालना को लेकर अस्पताल प्रशासन की ओर से सुरक्षा कर्मियों समेत सभी स्टाफ को भी मास्क को लेकर गाइडलाइन जारी कर दी है। कोरोना की जांच भी तेज करने के लिए जिले के चारों चिकित्सा खंडों को निर्देश दिए गए हैं। खांसी, जुकाम, बुखार समेत वायरल से पीड़ित मरीजों को कोविड टेस्ट करवाने के लिए भी कहा जा रहा है। अस्पताल के वार्डों में भी भर्ती मरीजों को मास्क लगाने के लिए के लिए कहा है। इसी के साथ अस्पताल में आने वाले मरीजों को जागरूक करने के लिए होमगार्ड के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है और इन नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए कहा गया है। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि मरीजों और तीमारदारों से मास्क लगाने और शारीरिक दूरी बनाने के लिए कहा जा रहा है। जो लोग बिना मास्क के आ रहे हैं, उन्हें मास्क लगाने के लिए सुरक्षा कर्मी मास्क लगाने और सावधानी बरतने के लिए जागरूक कर रहे हैं। खांसी, जुकाम वाले मरीजों को कोरोना टेस्ट कराने की हिदायत देकर आइसोलेशन में रहने को कहा जा रहा है।