पंचायत चुनावों में ड्यूटी देने वाले होमगार्ड जवानों को अभी तक अदायगी नहीं हुई है। पंचायत चुनावों के दौरान जिला में 391 होमगार्ड ने ड्यूटी दी थी। तीन माह बाद भी होमगार्ड के जवान को अभी तक 1800 रुपये की अदायगी नहीं हो पाई है। पंचायत चुनावों में होमगार्ड के जवानों ने 10 दिन ड्यूटी दी थी। प्रत्येक जवान को 2800 रुपये मिलने थे। लेकिन, केवल एक-एक हजार रुपये ही मिल पाए हैं। शेष 1800 रुपये की राशि तथा टीए बिल के पैसे उन्हें नहीं मिल पाए हैं। होमगार्ड एसोसिएशन के जिला प्रेस सचिव विजय कुमार, गुरमेल सिंह, कुलदीप सिंह, प्यारे लाल, तरसेम सिंह, पवन कुमार, अशोक कुमार तथा ओंकार चंद सहित अन्यों ने बताया कि जनवरी माह में पंचायत चुनावों में होमगार्ड के जवानों की 10 दिनों के लिए तैनाती की गई थी। प्रत्येक जवान को 2800 रुपये तथा टीए मिलना था। चुनावों के दौरान प्रत्येक जवान को एक-एक हजार रुपये तो मिल गए थे, लेकिन शेष 1800 रुपये तथा टीए बिल के पैसे अभी तक नहीं मिल पाए हैं। उधर, होमगार्ड कमांडेंट निहाल चंद ने बताया कि जवानों की बकाया शेष राशि तथा टीए बिल बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज दिए गए हैं।