पहले बैच में 10 पंचायतों के 61 सदस्यों ने लिया प्रशिक्षण, चार और बैचों में 267 सदस्य होंगे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर विकास खंड की ग्राम पंचायतों के वार्ड सदस्यों के लिए आयोजित चार दिवसीय बुनियादी प्रशिक्षण शिविर का पहला बैच शनिवार को संपन्न हुआ। 23 से 26 सितंबर तक आयोजित प्रशिक्षण में 10 ग्राम पंचायतों के 61 वार्ड सदस्यों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायती राज व्यवस्था, विभागीय योजनाओं, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी देना रहा। शिविर प्रभारी देवराज ठाकुर रहे। प्रशिक्षकों महेंद्र सिंह, मनोज कुमार, अमरचंद, जसवीर सिंह, अजय कुमार, रोशनलाल, विश्वनाथ, विवेक भाटिया, रक्षा देवी, नीतू वाला, रमेश पुरी, लेखराम और जितेंद्र कुमार सहित अग्निशमन विभाग के प्रतिनिधियों ने पंचायत प्रतिनिधियों को विभिन्न योजनाओं और विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी। पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसेवा और विभागीय कार्यों से जुड़े विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया गया। खंड विकास अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि दूसरा बैच 28 सितंबर से शुरू होगा। इसमें 11 पंचायतों के 66 सदस्य भाग लेंगे। तीसरा बैच 3 अक्तूबर से शुरू होगा, जिसमें नौ पंचायतों के 55 सदस्य शामिल होंगे। चौथा बैच 8 अक्तूबर से शुरू होगा, जिसमें 10 पंचायतों के 66 सदस्य प्रशिक्षण लेंगे। पांचवां और अंतिम बैच 14 अक्तूबर से शुरू होगा, जिसमें नौ पंचायतों के 61 वार्ड सदस्यों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।