-धर्मशाला-शिमला राजमार्ग पर बड़ोग में हुआ हादसा
-गंभीर रूप से घायल युवक को पीजीआई किया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर थाना के बड़ोग में कार और एक बस की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में एक युवक घायल भी हुआ। उसे पीजीआई रेफर किया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे धर्मशाला-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ोग में एक निजी बस और कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार हुई कि बस और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय बस घाघस, जबकि कार ब्रह्मपुखर की ओर जा रही थी। बस में पर्यटक सवार थे, जो शिमला से मनाली की ओर जा रहे थे। सभी पर्यटक सुरक्षित हैं। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने कार सवार दोनों युवकों को बाहर निकाला। दोनों बुरी तरह से घायल थे। उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया गया, जहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया। मृतक की पहचान अंशुल (21) पुत्र मदनलाल गांव पंजगाई जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान सूरज (23) पुत्र चंपक निवासी गांव विष्णू डाकघर धार टटोह जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने मामले की पुष्टि की है।