बिलासपुर। थाना कोट पुलिस ने एक कार से अफीम बरामद कर ऊना जिले के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार मुख्य आरक्षी अनिल कुमार अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान जब पुलिस टीम मजारी सड़क पर पहुंची तो सामने से एक कार आई। पुलिस टीम को सामने देखकर चालक ने कार को पीछे ही रोक दिया, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो चालक की सीट के पास प्लास्टिक की 2 पुड़ियों में करीब 25.40 ग्राम अफीम बरामद की। अफीम रखने के आरोप में कार चालक बलकार सिंह निवासी चंदपुर-हरोली जिला ऊना को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी नयनादेवी पूर्ण चंद ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना कोट में मामला दर्ज कर लिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।