बिलासपुर। चीन में चल रही एशियन गेम्स में भारतीय महिला हैंडबाल टीम ने हिमाचल की बेटियों के दम पर हांगकांग के साथ ड्रॉ खेला है। दोनों टीमों ने फुल टाइम तक 26-26 गोल किए। अंतिम कुछ सेकेंड में हिमाचल की बेटी मेनिका ने गोल कर मैच को ड्रॉ कराया। इसके अलावा भारतीय टीम में शामिल प्रदेश की निधि शर्मा, प्रियंका ठाकुर, भावना और शालिनी ठाकुर ने भी मैच में बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में भारतीय टीम का हांगकांग के साथ यह दूसरा मैच था। हाफ टाइम तक भी भारतीय टीम हांगकांग से पीछे थी। पूरे मैच में दोनों टीमों में कड़ा संघर्ष देखने को मिला। अंतिम कुछ सेकेंड में रेलवे की ओर से खेलने वाली मेनिका ने गोल कर मैच ड्रॉ करवा दिया। सोमवार को हुए पहले मैच में भारतीय टीम को जापान से 41-13 से हार मिली थी। भारतीय टीम का अगला मैच 29 सितंबर को मेजबान चीन और 30 सितंबर को नेपाल की टीम से होगा। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारतीय टीम को दोनों मैच जीतने होंगे। भारतीय टीम में प्रदेश की सात खिलाड़ी शामिल हैं। मेनिका रेलवे की ओर से खेलती हैं जबकि अन्य छह खिलाड़ी मोरसिंघी हैंडबाल नर्सरी बिलासपुर में प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं।