हेडमास्टर पदोन्नति सूची जल्द जारी करने की मांग
700 से अधिक पद खाली होने का मुद्दा उठाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश पदोन्नत स्कूल प्रवक्ता संघ के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को राज्य अध्यक्ष यशपाल रणौत के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से हमीरपुर में मुलाकात कर सरकारी स्कूलों में लंबे समय से रिक्त पड़े मुख्याध्यापक (हेडमास्टर) पदों को पदोन्नति के माध्यम से जल्द भरने की मांग उठाई। संघ ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रदेश में 700 से अधिक मुख्याध्यापक पद खाली हैं। इससे स्कूलों की प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है और शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में भी दिक्कतें आ रही हैं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कई पात्र शिक्षक करीब 27 वर्षों की सेवा के बाद भी पदोन्नति का इंतजार कर रहे हैं, जिससे उनका मनोबल प्रभावित हो रहा है। संघ ने यह भी सुझाव दिया कि सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों के समायोजन से पहले मुख्याध्यापक पदोन्नतियां कर दी जाएं। इससे पदोन्नति के बाद रिक्त होने वाले पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति आसानी से हो सकेगी और अनावश्यक तबादलों से भी बचा जा सकेगा। साथ ही विभागीय कार्यों में तेजी आएगी। प्रतिनिधिमंडल ने विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक जल्द बुलाकर सभी रिक्त मुख्याध्यापक पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने की मांग की। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और विभागीय औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मुख्याध्यापक पदोन्नति सूची शीघ्र जारी की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में बिलासपुर इकाई के प्रधान लेख राम, हमीरपुर के महासचिव विनोद कुमार सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी मौजूद रहे। राज्य अध्यक्ष यशपाल रणौत ने कहा कि समय पर पदोन्नति होने से शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा और स्कूलों की प्रशासनिक व्यवस्था भी मजबूत होगी।