संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। तलाई बाजार की नालियों पर अतिक्रमण को लेकर नगर पंचायत ने सख्ती बरतने की तैयारी कर ली है। नपं ने एक सप्ताह के भीतर नालियों से अतिक्रमण हटाने की दो टूक चेतावनी दुकानदारों को दे दी है।
तय मोहलत में नालियों से अतिक्रमण और सामान न हटाने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मौके पर मिले सामान को जब्त कर लिया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष बंदना कुमारी, उपाध्यक्ष नंद लाल शर्मा, पार्षद विजय कुमार शर्मा और राज कुमार चौधरी ने बताया कि बाबा बालक नाथ जी के दर्शनों को आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की इस मामले में लिखित शिकायतें मिल रही है।
लोगों का कहना है कि तलाई बाजार के दुकानदारों ने अपनी दुकान के आगे करीब चार-चार फु ट तक सड़क पर दुकानदारी सजा कर रख दी है। जिस से आने जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इतना ही नहीं वाहन चालकों को भी अपने वाहन निकालने में असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। नालियाें पर सामान रखा होने के कारण नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी साफ-सफाई ठीक ढंग से नहीं कर पाते हैं और बाजार में गंदगी का आलम बन जाता है। इसे देखते हुए अब सख्ती बरतने की तैयारी।