-एडीसी निधि पटेल ने किया कैंटीन का शुभारंभ
-कैंटीन के खुलने से दिव्यांग और विधवा महिलाओं को मिलेगा रोजगार
-गरीबों और जरूरतमंदों को रियायती दरों पर मिलेगा भोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर शहर में कॉलेज चौक के समीप मां फाउंडेशन और जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से मां की रोटी कैंटीन शुरू की गई। कैंटीन का शुभारंभ सोमवार को अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. निधि पटेल ने किया।
अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. निधि पटेल ने कहा कि संस्था का मकसद न केवल गरीब और जरूरतमंदों के लिए कम दरों पर स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराना है, बल्कि जिले की विकलांग, विधवा और अन्य जरूरतमंद महिलाओं को रोजगार प्रदान करना भी है। उन्होंने कहा कि इस कैंटीन में वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग व्यक्तियों को रियायती दरों पर भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। एडीसी डॉ. निधि पटेल ने मां फाउंडेशन मातृ सुधा संस्था और रेडक्रॉस सोसाइटी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में मां फाउंडेशन को प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा। मां फाउंडेशन द्वारा भारत के अन्य राज्यों में भी इस तरह की सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यह फाउंडेशन महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण पर कार्य कर रही है। इसके लिए इन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया जा चुका है। इस अवसर पर सदर उप मंडलाधिकारी अभिषेक कुमार गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, मातृ सुधा फाउंडेशन के तकनीकी सलाहकार अरविंद, अनुराग शर्मा, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव अमित शर्मा उपस्थित रहे।