बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में आपदा प्रबंधन को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों को भूकंप के दौरान बचाव और सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई। महाविद्यालय की आपदा प्रबंधन कमेटी और फायर डिपार्टमेंट बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। फायर ऑफिसर जितेंद्र कुमार और उनकी टीम ने एनसीसी (नेवल, आर्मी और गर्ल्स विंग), रोवर्स एंड रेंजर्स, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों को आपदा के समय किए जाने वाले प्राथमिक बचाव कार्यों की जानकारी दी। बताया कि भूकंप से क्षतिग्रस्त क्षेत्रों में किस प्रकार राहत एवं बचाव कार्य किए जाते हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायल लोगों की सुरक्षा एवं प्राथमिक उपचार के तरीकों का डेमो भी पेश किया। इस दौरान रसायन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. रणजीत कौशल उपस्थित रहे। आपदा प्रबंधन कमेटी के संयोजक प्रो. श्रवण कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए समय-समय पर इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल के दिशा-निर्देश पर जिला फायर डिपार्टमेंट के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 200 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।