घुमारवीं कॉलेज में आपदा जागरूकता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में 1905 के कांगड़ा भूकंप की त्रासदी की वर्षगांठ पर आपदा जागरूकता दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें आपदा प्रबंधन समिति, भूगोल विभाग और बीसीए, बीबीए विभाग का सक्रिय सहयोग रहा। विद्यार्थियों ने आपदा के समय अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी प्राप्त की। मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों को भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान बचाव, सतर्कता और प्राथमिक उपचार के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में एनडीआरएफ घुमारवीं कार्यालय, 5/2 होमगार्ड कंपनी घुमारवीं के कंपनी कमांडर मदन लाल, 5/6 होमगार्ड कंपनी भराड़ी के कंपनी कमांडर संजीव कुमार, अग्निशमन चौकी घुमारवीं के फायरमैन वीरेंद्र कुमार और उनकी टीम के सदस्यों ने भाग लिया। सभी ने अपने व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से मॉक ड्रिल प्रस्तुत की, जिससे विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन की वास्तविक परिस्थितियों का अनुभव प्राप्त हुआ। प्राचार्य प्रो. प्रीतम लाल ने विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार की गतिविधियों के महत्व की जानकारी दी । कार्यक्रम का सफल समन्वयन भूगोल विभाग के प्रो. अनिल जमवाल और डॉ. आदर्श शर्मा ने किया।