-समाज में अपनी भूमिका को समझते हुए आत्मनिर्भर बनने का करें प्रयास
-मिशन शक्ति योजना के तहत एक दिन के शिविर में की कई योजनाओं पर चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। निदेशालय महिला एवं बाल विकास के सौजन्य से मिशन शक्ति योजना के तहत एक दिवसीय शिविर का आयोजन बिलासपुर में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त बिलासपुर डॉ. निधि पटेल ने की। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी हरीश मिश्रा ने भी मार्गदर्शन किया। डॉ. निधि पटेल ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए। समाज में अपनी भूमिका को समझते हुए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रयास करना चाहिए। शिविर में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार की ओर से चलाई जा रही मिशन शक्ति योजना के उद्देश्य और इसके तहत संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी हरीश मिश्रा ने मिशन शक्ति योजना की अहमियत पर चर्चा करते हुए बताया कि यह योजना महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षा, सशक्तिकरण और विकास के लिए बनाई गई है। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न विभागीय योजनाओं जैसे कि सुख आश्रय, सुख शिक्षा, मुख्यमंत्री शगुन योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, बेटी है अनमोल, विधवा पुनर्विवाह योजना और महिला स्वयं रोजगार योजना के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपनी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इन विभागों में खंड विकास अधिकारी सदर बबीता कुमारी, उप निदेशक कृषि विभाग राजीव शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी सदर बनिता कुमारी, आयुष विभाग से डॉ. प्रियंका, स्वास्थ्य विभाग से हेल्थ एजुकेटर विजय कुमारी, डाकघर प्रबंधक बिलासपुर संजय शर्मा, चाइल्ड हेल्पलाइन टीम, वन स्टॉप सेंटर बिलासपुर, मिशन शक्ति टीम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और जिला बिलासपुर का नारी शक्ति संगठन शामिल रहे। सभी ने अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी, जो महिलाओं और बच्चों के विकास में सहायक हैं। कार्यक्रम के अंत में नारी शक्ति संगठन की महिलाओं की समस्याओं की जनसुनवाई भी की गई। इस मौके पर उनके मुद्दों का समाधान करने का आश्वासन भी दिया गया।