सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत कुछ दिन पहले ही पढ़ाया है नियमों का पाठ
- शहर में लगातार बढ़ रहा दुर्घटनाओं का खतरा
- शहर में बिना नंबर प्लेट वाहनों को दौड़ा रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं क्षेत्र में बाहरी राज्यों से आकर फेरी लगाने वाले प्रवासी व्यापारी सरेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। इस पर किसी की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। कुछ दिन पहले ही जगह-जगह सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का पाठ पढ़ाया गया था। यह कार्यक्रम भी नियम पालन करने की औपचारिकता के साथ ही समाप्त हो जाते हैं।
सभी की आंखों के सामने यह लोग सरेआम नियमों की धज्जियां उड़ाने में लगे हैं। बाहरी राज्यों से आकर यहां फेरी लगाकर सामान बेचने वाले यह प्रवासी व्यापारी बिना नंबर की बाइक के साथ चलते हैं। ऐसे में यदि यह किसी घटना को अंजाम भी देते हैं तो उन्हें पकड़ना या उनके बारे में जानकारी लेना मुश्किल हो जाता है। एक-एक मोटरसाइकिल पर चार-चार सवारी के साथ पूरा परिवार घूमता नजर आता है। यहां तक कि कई बार यह लोग बाइक के पीछे सामान की ढेरी लगाकर उसके ऊपर सवारी बिठाकर शहर के बीचो-बीच दौड़ते नजर आते हैं। इन लोगों पर कोई भी कार्रवाई नहीं की जाती है। यहां तक कि कई बार यह लोग दो-दो बच्चों को बाइक की टंकी पर बिठाकर सफर करते नजर आते हैं। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बिना नंबर प्लेट की इन मोटरसाइकिलों पर एक क्विंटल से भी अधिक का माल लादकर गांव-गांव जाकर बेचने वाले इन लोगों के पास न तो लाइसेंस होता है और न ही पुलिस थाने में कोई पंजीकरण होता है। यह लोग अपनी जान के साथ-साथ दूसरों की जान को भी जोखिम में डालकर सड़कों पर बेखौफ होकर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने में लगे हैं।
कोट
पुलिस समय-समय पर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करती है। यदि कोई भी वाहन चालक नियमों के विरुद्ध वाहन चलाता नजर आएगा तो उस पर कार्रवाई होगी। सभी लोगों से सहयोग की उम्मीद की जाती है। सभी यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
- चंद्र पाल सिंह, पुलिस उप अधीक्षक, घुमारवीं