कॉलेज और आईटीआई में जागरूकता कार्यक्रम, 995 विद्यार्थियों और स्टाफ ने लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। लोकगीत और नाटक के जरिये युवाओं को नशे से दूर रहने और एचआईवी/एड्स से बचाव का संदेश दिया गया। वीरवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। दोनों संस्थानों में करीब 995 विद्यार्थियों, प्रशिक्षणार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। जिला कार्यक्रम अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में अमर ज्योति समाज कल्याण एवं प्रशिक्षण सांस्कृतिक कला मंच, कुमार की 11 सदस्यीय टीम ने लोकगीत, नाटक और अन्य लोक कला प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान बताए। साथ ही एचआईवी/एड्स से बचाव के उपायों की जानकारी दी। राजकीय महाविद्यालय में कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य पीएस कटवाल ने की। यहां करीब 580 छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने हिस्सा लिया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रहरी क्लब से डॉ. संजीव कुमार और रेड रिबन क्लब से डॉ. सोनिया राठौर मौजूद रहे। आईटीआई बिलासपुर में कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य ओंकार सिंह ने की। यहां करीब 415 प्रशिक्षणार्थी और स्टाफ सदस्य शामिल हुए। प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूरी बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।