संयुक्त रूप से एसोसिएशन ने उच्च शिक्षा निदेशक को सौंपा मांगपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश टीजीटी कंफेडरेशन के बैनर तले प्रदेश प्रिंसिपल हेड मास्टर कैडर एसोसिएशन, पदोन्नत स्कूल प्राध्यापक संघ और साइंस मास्टर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक उच्च शिक्षा अमरजीत शर्मा से शिमला में मुलाकात की। उन्होंने मांगों को लेकर मांगपत्र सौंपा। उन्होंने मांग उठाई कि मुख्याध्यापकों व प्रवक्ताओं से प्रधानाचार्य पदोन्नति कोटे मे किसी प्रकार का बदलाव न किया जाए। प्रधानाचार्य की खाली पदों को शीघ्र पदोन्नति से भरा जाए और प्लेसमेंट वाले प्रधानाचार्य को नियमित कर सभी वित्तीय लाभ दिए जाएं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रधानाचार्य की ज्वाइनिंग उपनिदेशक के माध्यम से नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अध्यापकों की पदोन्नति सूची निकालने और टीजीटी से पीजीटी पदोन्नति करने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष डॉ. रतन वर्मा बताया कि निदेशक ने शीघ्र ही पदोन्नति सूचियों को निकालने का आश्वासन दिया। साथ ही मुख्य अध्यापकों व प्राध्यापकों से प्रधानाचार्य के पद पर पदोन्नति के लिए पूर्व में निर्धारित 50-50 प्रतिशत कोटे में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर पदोन्नत स्कूल प्राध्यापक संघ के राज्य प्रधान यशपाल रणौत, प्रदेश महासचिव राजीव चंदेल, बिलासपुर इकाई के उपप्रधान भंडारी राम, साइंस मास्टर एसोसिएशन के राज्य प्रधान चंद्र केश धीमान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।