रेलवे मैदान कालका में आयोजित की गई प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू(सोलन)। रेलवे ग्राउंड कालका में काली मां स्पोर्ट्स क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय जय मां काली क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का समापन हुआ। प्रतियोगिता में परवाणू, कालका, मनीमाजरा, पिंजौर, बद्दी, जबली, कीरतपुर और मोरनी सहित विभिन्न क्षेत्रों की 32 टीमों ने भाग लिया।
सेमीफाइनल में मनीमाजरा ने रामपुर जंगी को और टिपरा (कालका) ने परवाणू को हराकर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में मनीमाजरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टिपरा (कालका) को पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। टिपरा की टीम उपविजेता रही।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में मनीमाजरा के साहिल को मैन ऑफ द सीरीज, मनीमाजरा के रोहित को बेस्ट बॉलर और टिपरा (कालका) के रोहित को बेस्ट बैट्समैन चुना गया।
समापन समारोह में नगर परिषद परवाणू के नवनिर्वाचित अध्यक्ष ठाकुरदास शर्मा मुख्य अतिथि रहे। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर, पूर्व पंचायत प्रधान नीरज शर्मा, कामली प्रधान धर्मी देवी, पार्षद राम ध्यान सिंह, सुदामा गुप्ता, देवेंद्र शर्मा एवं डॉ. सुरेंद्र सहगल, राष्ट्रीय ब्राह्मण परिषद के प्रदेश अध्यक्ष विकास शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित उत्कृष्ट खिलाड़ियों को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया। काली मां स्पोर्ट्स क्लब के मुख्य आयोजक राम विजय मौर्य ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना है।