- मेला एवं दंगल कमेटी छत संडयार ने किया छिंज का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। मेला एवं दंगल कमेटी छत संडयार की ओर से दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में काफी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
कमेटी प्रधान सुभाष ठाकुर ने बताया कि बड़ी माली का फाइनल मुकाबला डेरा बाबा नानक के मेजर और दिल्ली के पुष्पेंद्र के बीच हुआ। इसमें विजयी रहे मेजर को 35 हजार रुपये और गुर्ज देकर सम्मानित किया गया। वहीं, उपविजेता पुष्पेंद्र को 31 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। दूसरी माली के मुकाबले में मुकेश धवल ने नरेंद्र दुमखेडी को चित किया। मुकेश को 11 हजार रुपये और उपविजेता नरेंद्र को 9 हजार रुपये की राशि दी गई। छोटी माली में सिद्धार्थ धवल ने लखनपुर के पंकज को हराया। सिद्धार्थ धवल को 4100 और गुर्ज देकर सम्मानित किया गया। वहीं, उप विजेता पंकज कुमार को 3100 रुपये की राशि प्रदान की गई। दंगल के शुभारंभ पर ग्लोबल व्यापारी गौरव सोनी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। उन्होंने कमेटी को कार्यक्रम के संचालन के लिए 51 हजार रुपये राशि प्रदान की। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और सामाजिक कार्यों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। समापन समारोह में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घंढीर के प्रधानाचार्य सुरेश ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कार्यक्रम के लिए 21 हजार रुपये की राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से आपसी सहयोग, भाईचारा और समाज के उत्थान के लिए हमेशा तत्पर रहने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि मेला कमेटी छत संडयार द्वारा वर्तमान में करवाए जा रहे कार्य न सिर्फ अपनी पंचायत, बल्कि पूरे जिले में प्रेरणा का स्रोत हैं। इस अवसर ग्रामीण और अन्य लोग उपस्थित रहे।