घुमारवीं (बिलासपुर)। स्वास्थ्य खंड घुमारवीं की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुहमझवाड़ में राष्ट्रीय आयोडीन अल्पता विकार दिवस के उपलक्ष्य पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों को इसमें आयोडीन की कमी से होने वाली बीमारियों के बारे में जानकारी दी गई।
भाषण प्रतियोगिता में ललिता ठाकुर पहले, शिवानी दूसरे और आकांक्षा कुमारी तीसरे स्थान पर रही। सभी प्रतिभागियों को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इनाम भी दिए गए।
स्वास्थ्य शिक्षक सुरेश चंदेल ने बताया कि इस दिवस को मनाने का उद्देश्य आयोडीन के पर्याप्त उपयोग के बारे में जन समुदाय के बीच जागरूकता बढ़ाना और आयोडीन की कमी से होने वाली बीमारियों के बारे में बताना है। यदि आयोडीन युक्त नमक का प्रयोग करे तो आयोडीन की कमी से होने वाली बीमारियों से अपने आप को बचा सकते हैं। घेंघा रोग आयोडीन की कमी से होने वाला आम रोग है। आयोडीन की कमी के कारण बच्चे शारीरिक रूप से कमजोर, महिलाओं में गर्भपात की स्थिति, मृत बच्चा पैदा होना और वयस्कों में ऊर्जा की कमी जैसे जल्दी थक जाना विकार हो जाते हैं।
स्वास्थ्य कार्यकर्ता और आशा कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में आयोडीन की कमी से होने वाले विकारों के प्रति लोगों को जागरूक कर रही हैं। ताकि आयोडीन युक्त नमक खाने से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास हो सके। इस मौके पर स्वास्थ्य पर्यवेक्षक हरलोग संजीव शर्मा, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता वंदना ठाकुर, अध्यापक कुलदीप कुमार, हंसराज, सुरेंद्र कुमार, देश राज, अमिंदर कुमार, संजय कुमार, कमल देव, विजय कुमार, नरेश बाला, प्रियंका कुमारी, प्रेम लाल, आशा कार्यकर्ता वीणा देवी, और वीणा कुमारी उपस्थित रही।