रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर की अंडर-19 बालिका फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। सिरमौर के मानपुरा में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में किन्नौर की खिलाड़ियों ने मेजबान सिरमौर की टीम को 2-1 से हराया। इस जीत से किन्नौर जिले में खुशी की लहर है। इस जीत में खिलाड़ियों की मेहनत के साथ प्रशिक्षकों, शारीरिक शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और शिक्षा विभाग का भी अहम योगदान रहा। उप शिक्षा निदेशक (सेकेंडरी) किन्नौर एवं जिला स्कूल स्पोर्ट्स एसोसिएशन (डीएसएसए) के अध्यक्ष कुलदीप डोगरा ने टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, विद्यालय परिवार और अभिभावकों को बधाई दी।