संवाद न्यूज एजेंसी
स्वारघाट (बिलासपुर)। उपमंडल स्वारघाट के अंतर्गत काथला गांव की एक महिला की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्वारघाट में मौत हो गई। परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्वारघाट में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। मृतक महिला की पहचान सीतो देवी निवासी गांव काथला के रूप में हुई है।
मृतक महिला के पति छोटा राम ने बताया कि मंगलवार को उनकी पत्नी की अचानक तबीयत खराब हुई। उन्होंने 108 एंबुलेंस सेवा को फोन कर बुलाया। एंबुलेंस सेवा तो पक्की सड़क तक समय पर पहुंच गई लेकिन मरीज को मुख्य मार्ग तक लाने के लिए काफी समय लग गया।
काथला गांव की सड़क बरसात से तहस-नहस हो गई है। इस कारण लोगों को बरसात के मौसम में मरीजों को पालकी में उठाकर लगभग तीन किलोमीटर मुख्य मार्ग तक लाना पड़ता है। छोटा राम ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्वारघाट पहुंचा तो दिया लेकिन स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक नदारद पाया गया।
वहां तैनात फार्मासिस्ट से बीमार महिला को चेक करने और प्राथमिक उपचार देने का आग्रह भी किया लेकिन उन्होंने कोई मदद नहीं की और महिला की मौत हो गई। परिजनों ने इस बड़ी लापरवाही को लेकर प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से उचित कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
बुधवार को महिला का अंतिम संस्कार किया गया है। लोगों में इस लापरवाही के चलते गहरा रोष है। लोगों ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य महकमे से गुहार लगाई है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सुधार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्वारघाट अन्य डॉक्टरों की तैनाती की जाए।
उधर, खंड चिकित्सा अधिकारी श्री नयनादेवी जी सुरेंद्र सिंह बावा ने बताया कि मामले की जांच करवाई जाएगी। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।